Muzaffarnagar Mahapanchayat: कृषि कानूनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आयोजित किसान महापंचायत में शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं। महापंचायत में प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला किया। इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने किसानों को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर वार किए। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी PM नरेंद्र मोदी पर किसानों से झूठा वादा करने का आरोप लगया और कहा कि, ‘जो किसान अपने बेटों को देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर भेजता है, उन्हें अपमानित किया गया।’
इस दौरान प्रियंका गांधी ने PM नरेंद्र मोदी को ‘अहंकारी राजा’ बताया और कहा कि, सरकार कृषि कानून वापस ना लेकर किसानों का अपमान कर रही है। इसके साथ प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ”90 दिनों से लाखों किसान बॉर्डर पर शांति से बैठकर संघर्ष कर रहे हैं, 215 किसान शहीद हुए। बॉर्डर को ऐसा बनाया गया, जैसे हमारे देश की सीमा हो। किसानों को देशद्रोही, आतंकवादी, परजीवी, आंदोलनजीवी कहा गया। मेरा तो मनाना है कि हमारे देश का हृदय किसान है।”
आगे कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसान नेता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) के भावुक हो जाने की घटना का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। प्रियंका ने कहा कि जब टिकैत की आंखों में आंसू आए थे, तब पीएम मोदी मुस्कुरा रहे थे। देखिए प्रियंका ने और क्या कहा। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा जैसे पुरानी कहानियों में राजा-महाराजा होते थे, ऐसे ही हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हो गए हैं। दो बार प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें अहंकार हो गया है।